Chhattisgarh Morning News: शाह का दौरा, CM का कार्यक्रम और BJP की मैराथन बैठकों का दौर
Chhattisgarh Morning News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज रात छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे शुक्रवार 12 दिसंबर की रात करीब 10 बजे माना एयरपोर्ट पर उतरेंगे और सीधे मेफेयर रिसोर्ट जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
शनिवार दोपहर 1.30 बजे शाह रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे और 2.45 बजे पहुंचकर बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में 4.45 बजे तक शामिल रहेंगे। कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 10:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) पहुंचेंगे और वहां आयोजित बैठक में हिस्सा लेंगे। दोपहर 12:30 बजे भाजपा कार्यालय से रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलिपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और हेलीकॉप्टर से कबीरधाम जाएंगे। इंदिरा गांधी कृषि महाविद्यालय, घोंटिया (कबीरधाम) पहुंचकर नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कबीरधाम की शिलान्यास करेंगे। दोपहर 3:25 बजे वापस रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलिपैड पहुंचेंगे। शाम 5:00 बजे न्यू सर्किट हाउस जाएंगे और 5:35 बजे सीएम हाउस रवाना होंगे।
भाजपा कार्यालय में SIR और संगठन विस्तार पर अहम बैठक
रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में आज बड़ी बैठक होने जा रही है। राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग पदाधिकारियों की बैठक लेंगे।
सबसे पहले भाजपा महामंत्रियों की बैठक होगी, उसके बाद प्रदेशभर के नेताओं, सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक होगी। बैठक में एसआईआर (संशोधित नागरिकता रजिस्टर) और संगठन विस्तार पर विस्तृत चर्चा होगी।
कैबिनेट के फैसले पर कांग्रेस ने साधा निशाना: क्या दुर्दांत नक्सलियों के भी प्रकरण वापस होंगे?
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट के ताजा निर्णयों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों के आपराधिक प्रकरण वापस लेने के फैसले को दुर्भाग्यजनक बताया।
बैज ने सवाल उठाया कि क्या झीरम कांड, ताड़मेटला, रानीबोदली, एडसमेटा जैसे नरसंहार में शामिल नक्सलियों के प्रकरण भी वापस होंगे? उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सली और सामान्य घटनाओं में जेल में बंद नक्सलियों के खिलाफ आज तक चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है।
बैज ने कहा कि सरकार को नक्सल नीति और पुनर्वास नीति बनाने का अधिकार है, लेकिन पहले उन निर्दोष आदिवासियों के बारे में फैसला करना चाहिए जिन्हें नक्सली बताकर जेल में बंद कर रखा है।
आज रायपुर में काव्य गोष्ठी
छत्तीसगढ़ हिंदी साहित्य मंडल द्वारा आज दोपहर 3 बजे से वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में काव्य गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
