डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर हुई बैठक, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह होंगे शामिल

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाले अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को एक उच्च-स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ इंटेलिजेंस के चीफ अमित कुमार ने की।

 

सिविल लाइन स्थित सी-4 बिल्डिंग में आयोजित इस बैठक में रायपुर संभाग के सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और विभिन्न संभागों के पुलिस महानिरीक्षकों (आईजी) ने भाग लिया। इनमें आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा, आईजी आनंद छाबड़ा, आईजी सीआईडी ध्रुव गुप्ता, संजीव शुक्ला और डीआईजी सुरक्षा एमएल कोटवानी शामिल रहे।

 

बैठक में नवा रायपुर के अटल नगर स्थित आईआईएम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सम्मेलन की सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और अन्य तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के सहभागिता करने की उम्मीद है।

 

इस सम्मेलन में देश भर के सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, आतंकवाद निरोधी प्रयास, ड्रग्स नियंत्रण और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन करेंगे।

Youthwings