रायपुर में ISIS मॉड्यूल पर बड़ा खुलासा: ATS ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया, दो नाबालिग शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस और एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ISIS से जुड़े तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस संयुक्त कार्रवाई में दो नाबालिग लड़के भी शामिल हैं। ATS इनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये संदिग्ध राज्य में किस बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।

गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि लंबी जांच के बाद ATS को यह बड़ी सफलता मिली है। पकड़े गए दोनों युवा (एक व्यस्क और दो नाबालिग) पाकिस्तान स्थित ISIS मॉड्यूल के लिए काम कर रहे थे। ये सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर सक्रिय थे और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। इनके जरिए छत्तीसगढ़ के अन्य युवाओं व किशोरों को कट्टरपंथ की ओर ले जाने और उन्हें ब्रेनवॉश करने की साजिश रची जा रही थी।

आरोपियों के पास से भारी मात्रा में कट्टरपंथी ऑडियो-वीडियो मैसेज, ISIS की हिंसक सामग्री और प्रोपेगैंडा से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान से संचालित यह मॉड्यूल छत्तीसगढ़ में नया ISIS सेल खड़ा करने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर स्थानीय किशोरों को जोड़ा जा रहा था और उन्हें लगातार जहरीला कंटेंट परोसा जा रहा था।

15 नवंबर को ही ATS ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था। साइबर निगरानी के जरिए दो नाबालिगों की पहचान की गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ा गया। गृह मंत्री ने कहा है कि ATS की टीम को और मजबूत किया जाएगा तथा राज्य में ISIS से जुड़े हर व्यक्ति को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings