‘थाने में लात-घूंसे मारे, हंसते रहे पुलिसकर्मी’: राहुल गांधी की PC में छात्रों ने बयां किया दर्द

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए छात्रों के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान छात्रों ने दिल्ली पुलिस पर हिरासत में लेकर मारपीट, गाली-गलौज और बर्बरता करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें जबरन बसों में भरकर थानों में ले जाया गया, जहां सीसीटीवी कैमरों से दूर ले जाकर उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। राहुल गांधी ने सभी छात्रों की आपबीती सुनी और उनसे घटना से जुड़े सभी वीडियो तथा अन्य डिजिटल साक्ष्य साझा करने को कहा।

छात्रा का आरोप: कहलवाया गया ‘दिल्ली पुलिस तुम्हारी पापा है’

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में अपनी बात रखते हुए एक छात्रा ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उनके साथ घोर बर्बरता की। छात्रा के अनुसार, हिरासत के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन पर यह कहने के लिए दबाव बनाया कि ‘दिल्ली पुलिस उनकी पापा है।’ जब राहुल गांधी ने छात्रा से पूछा कि क्या उसे उस वक्त डर लगा था, तो छात्रा ने कहा कि शुरुआत में वह काफी डर गई थी, लेकिन अब उसे बिल्कुल डर नहीं लग रहा है।

आदिरा ने बताई आपबीती: जहां कैमरे नहीं थे, वहां पेट पर मारी गईं लातें

प्रदर्शनकारी छात्रा आदिरा ने आरोप लगाया कि पुलिस स्टेशन में जिस जगह छात्रों की पिटाई की गई, जानबूझकर उस हिस्से को चुना गया जहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। उन्होंने बताया कि तीन से चार पुलिसकर्मी लगातार उनके साथ मारपीट कर रहे थे और उनके पेट के निचले हिस्से में लातें मारी गईं। आदिरा के अनुसार, बार-बार यह कहने पर भी कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है, पुलिसकर्मियों ने पिटाई जारी रखी और मारते वक्त वे हंस भी रहे थे।

कंटेंट क्रिएटर रमित और धर्मेंद्र ने लगाए बदसलूकी के आरोप

प्रदर्शन में शामिल कंटेंट क्रिएटर रमित ने बताया कि 11 अक्टूबर को आरएसएस और भाजपा से जुड़े लोगों की बात सुनने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों के हाथों में डंडे थे और पुलिस ने उनकी बात मानकर प्रदर्शनकारियों को पकड़ा, बुरी तरह पीटा, फोन छीन लिया और मौके पर कोई महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद नहीं थी। वहीं प्रदर्शनकारी धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि उन्हें लात-घूंसे और थप्पड़ मारे गए और पैसे लेकर प्रदर्शन करने के झूठे आरोप लगाए गए। धर्मेंद्र ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने धमकाते हुए कहा था कि कोई भी नेता तुम्हें बचाने नहीं आएगा।

‘बता, बनाऊं तुझे नेता’: पैरों पर डंडे मारने का दावा

एक अन्य छात्रा ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि थाने में पुलिसकर्मियों ने तंज कसा कि ‘बता, तेरा नेता राहुल गांधी अब कहां गया।’ छात्रा ने दावा किया कि उनके पैरों पर डंडे बरसाए गए और कहा गया कि ‘बता, बनाऊं तुझे नेता।’ इस पर छात्रा ने पुलिसकर्मी से कहा कि यह कुरुक्षेत्र का युद्ध है और वे इसे जीतकर रहेंगी।

राहुल गांधी की अपील: वीडियो बनाइए, दोषियों को सजा दिलाएंगे

छात्रों की बात सुनने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि यह हिंदुस्तान है और छात्रों की आवाज के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह खड़े हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने साथ हुई हर ज्यादती का वीडियो बनाएं और सारे सबूत उनके पास भेजें। राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले को आगे ले जाया जाएगा और प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से लेकर संबंधित पुलिस कॉन्स्टेबल तक, छात्रों से बर्बरता करने वाले हर शख्स को कानूनन जवाबदेह ठहराया जाएगा।

Youthwings