Raipur on High Alert: लाल किले के पास धमाके के बाद छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट, राजधानी में बढ़ी चौकसी
Raipur on High Alert: दिल्ली के लाल किले के पास हुए जोरदार धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।
रायपुर में बढ़ाई गई चौकसी
रायपुर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को शहर में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। राजधानी के सभी प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। शहर में प्रवेश करने और बाहर निकलने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।
संदिग्धों पर कड़ी नजर और जनता से अपील
पुलिस ने सुरक्षा बलों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अगर उन्हें कहीं कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। प्रशासन ने कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
दिल्ली में क्या हुआ था धमाका?
जानकारी के अनुसार, सोमवार को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक खड़ी कार में विस्फोट हुआ। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में अब तक 8 लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं। घायलों को LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
फायर डिपार्टमेंट ने दी जानकारी
दिल्ली फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि पास में खड़ी 3 से 4 गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। घटना स्थल पर पुलिस, बम डिटेक्शन स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं। हालांकि अब तक धमाके की वजह की पुष्टि नहीं हो सकी है।
छत्तीसगढ़ पुलिस सतर्क मोड में
दिल्ली की इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने भी सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतने का फैसला लिया है। राज्यभर में पुलिसकर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है और सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थानों व सरकारी परिसरों में चौकसी बढ़ा दी गई है।
