Delhi-NCR Pollution: वर्क फ्रॉम होम और स्कूल बंद हो सकते हैं! GRAP-3 लागू होने पर लगेगी सख्त पाबंदियां नई दिल्ली
Delhi-NCR Pollution: सर्दी बढ़ने के साथ ही दिल्ली-NCR की हवा में ज़हर और घुलता जा रहा है। राजधानी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। कई इलाकों में AQI 400 के पार रिकॉर्ड किया गया, जिससे हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और CAQM (कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट) हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं। फिलहाल GRAP-3 (ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान – स्टेज 3) लागू नहीं किया गया है, लेकिन अगर प्रदूषण में सुधार नहीं हुआ तो इसे कभी भी लागू किया जा सकता है।
दिल्ली के इलाकों में हवा की स्थिति
सोमवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में AQI ‘गंभीर श्रेणी’ (Severe Category) में पहुंच गया—
बवाना: 412
जहांगीर पुरी: 394
बुराड़ी क्रॉसिंग: 389
नेहरू नगर: 386
चांदनी चौक: 365
आनंद विहार: 379
अशोक विहार: 373
राजधानी की सड़कों पर धुंध और स्मॉग की मोटी परत छाई रही। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत की शिकायतें सामने आईं।
वर्क फ्रॉम होम और कारपूलिंग की अपील
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि ऑफिस जाने वाले कर्मचारी कारपूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। उन्होंने निजी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम या हाइब्रिड मोड अपनाने की सलाह दी है, ताकि सड़कों पर वाहनों की संख्या कम हो सके और प्रदूषण स्तर में कमी आए।
GRAP-3 लागू हुआ तो क्या होंगी पाबंदियां
अगर दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू होता है, तो इन गतिविधियों पर सख्त रोक लगाई जाएगी—
- सभी गैर-जरूरी निर्माण कार्य और ध्वस्तीकरण पर रोक
- पुराने डीजल वाहनों का संचालन बंद
- सीमेंट, बालू और निर्माण सामग्री की आवाजाही पर रोक
- कक्षा 5 तक के स्कूल बंद, ऑनलाइन क्लास की अनुमति
- स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों पर रोक
- डीजल जनरेटरों का उपयोग केवल आपात सेवाओं के लिए
- कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम या हाइब्रिड सिस्टम अपनाने की सलाह
स्कूलों में ऑनलाइन क्लासेज की मांग तेज
राजधानी के कई प्राइवेट और सरकारी स्कूलों ने पहले ही आउटडोर एक्टिविटी बंद कर दी है।
प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य कार्यक्रम अस्थायी रूप से रद्द कर दिए गए हैं। कुछ स्कूलों में एयर प्यूरीफायर लगाए गए हैं।
पैरेंट्स और आरडब्ल्यूए एसोसिएशनों ने सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा के लिए ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने की मांग की है।
इंडिया गेट पर प्रदर्शन और जनता का गुस्सा
रविवार को इंडिया गेट पर सैकड़ों लोग वायु प्रदूषण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से हेल्थ इमरजेंसी घोषित करने और तत्काल आपात कदम उठाने की मांग की। उनका कहना है कि यह प्रदूषण अब बच्चों और बुजुर्गों के जीवन के लिए बड़ा खतरा बन चुका है।
