धान खरीदी से पहले यूपी के बिचौलिए सक्रिय, जंगल में 143 बोरी छोड़कर भागे.. पिकअप जब्त

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की शुरुआत से ठीक पहले पड़ोसी राज्यों के बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कड़ी निगरानी बढ़ा दी है।

इस सिलसिले में अवैध धान परिवहन पर सख्ती करते हुए यूपी से आ रही एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया गया। साथ ही, जंगल क्षेत्र से 143 बोरी धान जब्त की गई है।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नेताम ने बताया कि राजस्व और पुलिस की गश्ती टीम ने यूपी से आ रही एक पिकअप को अवैध धान लादे हुए जब्त किया। टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही दो अन्य पिकअप वाहनों के चालक धान को जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

मौके पर मौजूद टीम ने जंगल से 143 बोरी धान को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसडीएम नेताम ने कहा कि जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर सतत नजर रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा ऐसी गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि आगामी दिनों में रात्रिकालीन गश्त को और तेज किया जाएगा, ताकि धान के अवैध परिवहन पर पूर्ण रोक लगाई जा सके।

Youthwings