Parliament Winter Session 2025 : 1 दिसंबर से शुरू होगा संसद का शीतकालीन सत्र, राष्ट्रपति ने दी मंजूरी
winter session of Parliament
Parliament Winter Session 2025 : केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी दी है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के शीतकालीन सत्र बुलाने के सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह सत्र 1 दिसंबर 2025 से 19 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
रिजिजू ने अपने पोस्ट में लिखा—
“भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने 1 दिसंबर से 19 दिसंबर 2025 तक संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने के सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है (संसदीय कार्य की अनिवार्यताओं के अधीन)। हम आशा करते हैं कि यह सत्र रचनात्मक, सार्थक और लोकतंत्र को और मजबूत करने वाला साबित होगा।”
सरकार ने सकारात्मक चर्चा की जताई उम्मीद
मंत्री रिजिजू ने कहा कि इस बार सरकार चाहती है कि संसद में चर्चा सकारात्मक रहे और देशहित से जुड़े मुद्दों पर ठोस बहस हो। उन्होंने कहा कि उम्मीद है, यह सत्र विकास और नीति निर्माण के दृष्टिकोण से उपयोगी रहेगा।
पिछले सत्र में हुआ था भारी हंगामा
पिछले मॉनसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। उस सत्र में तत्कालीन राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा भी दिया था।
मॉनसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त 2025 तक चला था। इस दौरान कुल 21 बैठकें हुईं — जिनमें राज्यसभा में 15 और लोकसभा में 12 विधेयक पारित किए गए थे। सत्र के दौरान एसआईआर (SIR) और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर जोरदार बहस और हंगामा हुआ था।
इस बार शांतिपूर्ण सत्र की उम्मीद
शीतकालीन सत्र के एजेंडे में कई अहम विधेयक रखे जाने की संभावना है। सरकार चाहती है कि विपक्ष रचनात्मक भूमिका निभाए ताकि संसद का यह सत्र जनहित के निर्णयों के लिए ऐतिहासिक बन सके।
