स्कूल में शिक्षकों की कमी से नाराज अभिभावकों ने स्कूल में जड़ा ताला, BEO कार्यालय को सौंपी चाबी

पखांजुर। कोयलीबेड़ा ब्लॉक में शासकीय प्राथमिक शाला तुरसानी की शिक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों का गुस्सा फूट निकला है। कई महीनों से सिर्फ एक ही शिक्षक के भरोसे चल रहे स्कूल में गुरुवार को अभिभावकों ने ताला जड़ दिया और बच्चों के साथ रैली निकालकर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के कार्यालय पहुंच गए।

नाराज पालकों ने BEO कार्यालय में स्कूल की चाबी सौंपते हुए अल्टीमेटम दिया कि जब तक स्कूल में दो शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक स्कूल बंद रहेगा। इस घटना ने ब्लॉक की शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

अभिभावकों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार लिखित शिकायतें दीं, लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। एक अभिभावक ने कहा, “स्कूल कई महीनों से एक ही शिक्षक के भरोसे चल रहा था, जिससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। हमारे बच्चे शिक्षा से वंचित हो रहे थे।”

सुबह स्कूल पर ताला लगाने के बाद दर्जनों अभिभावक और बच्चे सड़क पर उतर आए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए BEO कार्यालय का घेराव किया और मांग की कि तुरंत शिक्षकों की कमी दूर की जाए। अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

Youthwings