धान केंद्र के कर्मचारियों का हंगामा: एक साल से PF राशि न मिलने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

गरियाबंद। जिले के कुंडेल धान संग्रहण केंद्र में सोमवार को कर्मचारियों ने अपने भविष्य निधि (PF) की राशि एक साल से नहीं मिलने के विरोध में मोर्चा खोल दिया। सैकड़ों की संख्या में श्रमिक केंद्र परिसर में एकत्रित हुए और धरने पर बैठ गए। उन्होंने ठेकेदार पर प्रताड़ना और नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखेंगे।

ठेकेदार का आश्वासन बेअसर
धरना स्थल पर पहुंचे अधिकारियों की मौजूदगी में ठेकेदार ने दो दिन के भीतर PF राशि जमा करने का आश्वासन दिया, लेकिन कर्मचारियों और ठेकेदार के बीच समझौता नहीं हो सका। कर्मचारियों का कहना है कि वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अधिकारियों ने की सुलह की कोशिश
स्थिति बिगड़ते देख राजिम एसडीएम, जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर, खाद्य अधिकारी और फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कर्मचारियों और ठेकेदार के बीच बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की। जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार को पिछले छह महीने का भुगतान किया जा चुका है, अब उसे नियमों के तहत PF की राशि जमा करनी होगी।

PF राशि को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, कलेक्टोरेट और ठेकेदार की ओर से कुल 24 प्रतिशत PF राशि (12-12%) का प्रावधान है, जिसमें से पिछले एक साल से कर्मचारियों के खातों में कोई राशि जमा नहीं की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि यह न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि उनके भविष्य की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ भी है।

कर्मचारियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सभी बकाया PF राशि जमा कराने और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Youthwings