Indigo Flight: हैदराबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट में यात्री की मौत, रायपुर एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

Indigo Emergency Landing

Indigo Emergency Landing

Indigo Flight: रायपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब इंडिगो की फ्लाइट 6E 347 (सिलीगुड़ी से हैदराबाद) को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में सफर कर रहे 37 वर्षीय अमित सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। अमित सिन्हा लंबे समय से लिवर की बीमारी (Liver Disease) से जूझ रहे थे और इलाज के लिए हैदराबाद जा रहे थे।

फ्लाइट को रायपुर में कराया गया लैंड

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट सुबह 11:50 बजे दार्जिलिंग से उड़ी थी और दोपहर 1:20 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराई गई। विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स ने जैसे ही यात्री की तबीयत बिगड़ते देखी, पायलट ने सुरक्षा के मद्देनज़र रायपुर में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट मेडिकल टीम ने जांच की, लेकिन तब तक यात्री की मौत हो चुकी थी।

शव को मर्चुरी में रखा गया

एयरपोर्ट पर मौत की पुष्टि के बाद शव को माना थाना पुलिस की निगरानी में मर्चुरी (Mortuary) भेजा गया। सभी आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद, फ्लाइट को शव उतारने के बाद दोपहर 3:32 बजे हैदराबाद के लिए रवाना किया गया।

जांच में जुटी पुलिस

माना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में यह सामने आया है कि मृतक लंबे समय से बीमार थे और इलाज के लिए जा रहे थे। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और फ्लाइट क्रू से बयान दर्ज कर रही है।

Youthwings