Chhattisgarh Morning News: सीएम साय आज कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल, सूर्यकिरण टीम की फाइनल प्रैक्टिस आज, राज्योत्सव के लिए 2 दिन फ्री बस सुविधा

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज का दिन व्यस्त और उत्साह से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के कई महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल होंगे। वहीं, भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण टीम आज अपने शानदार एयर शो से पहले फाइनल प्रैक्टिस करेगी। इसके अलावा राज्योत्सव स्थल तक लोगों के लिए दो दिन तक फ्री सीटी बस सेवा की व्यवस्था की गई है।

सीएम साय आज शामिल होंगे टेक स्टार्ट कार्यक्रम में

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर 12 बजे रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ टेक स्टार्ट’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे वे मुख्यमंत्री निवास में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। शाम 7 बजे सीएम साय राज्योत्सव मेला स्थल पहुंचेंगे और वहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेंगे।

मतदाता सूची संशोधन अभियान शुरू

राज्य में आज से स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) का घर-घर गणना चरण शुरू हो गया है। इस दौरान बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटाएंगे। यह प्रक्रिया 4 दिसंबर तक चलेगी।

9 दिसंबर: प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

9 दिसंबर से 8 जनवरी: दावा-आपत्ति की प्रक्रिया।

31 जनवरी: सत्यापन कार्य पूर्ण होगा।

7 फरवरी: अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

‘सूर्यकिरण’ टीम की फाइनल प्रैक्टिस आज

भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम आज सुबह 10 बजे नया रायपुर के सेंध लेक में अपनी फाइनल रिहर्सल करेगी। टीम अपने हॉक जेट विमानों से आसमान में रोमांचक स्टंट करेगी। इस दौरान एयरपोर्ट से कोई अन्य विमान नहीं उड़ेगा।

5 नवंबर को सुबह 10 से 11 बजे तक सूर्यकिरण टीम नया रायपुर में एयर शो पेश करेगी। इसमें 9 फाइटर जेट्स ‘बॉम्ब बर्स्ट, हार्ट इन द स्काई’ और ‘एयरोहेड’ जैसी अद्भुत फॉर्मेशन दिखाएंगे। टीम अब तक देश और विदेश में 700 से अधिक एयर शो कर चुकी है।

पुरी-उधना स्पेशल ट्रेन को मिला नया ठहराव

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरी-उधना-पुरी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन (08471/08472) का ठहराव अब धरणगांव स्टेशन पर भी किया है।

पुरी-उधना (08471): धरणगांव आगमन 9:50 बजे, प्रस्थान 9:52 बजे।

उधना-पुरी (08472): धरणगांव आगमन 20:45 बजे, प्रस्थान 20:47 बजे।

यह व्यवस्था 4 नवंबर से अगले आदेश तक लागू रहेगी।

राज्योत्सव के लिए 2 दिन मुफ्त बस सुविधा

राजधानी रायपुर में 4 और 5 नवंबर को आम नागरिकों के लिए निःशुल्क सीटी बस सेवा की सुविधा दी जाएगी।

बसें शहर के प्रमुख स्थानों — रायपुर रेलवे स्टेशन, भाठागांव बसस्टैंड, तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, साइंस कॉलेज, कालीबाड़ी चौक — से नवा रायपुर के राज्योत्सव स्थल तक जाएंगी।

सेवा का समय: सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक।

इस व्यवस्था से नागरिक न केवल राज्योत्सव का आनंद ले सकेंगे, बल्कि 5 नवंबर को सूर्यकिरण एयर शो भी देख पाएंगे।

रायपुर में आज के कार्यक्रम

संगीत संध्या

संस्था: रायपुर फ्रेंड्स फॉर एवर

स्थान: मायाराम सुरजन लोकायन हॉल, रजबंधा मैदान

समय: शाम 4 बजे से

योग क्लास

संस्था: सत्यदर्शन योगाश्रम

स्थान: सिविल लाइन, योगाश्रम भवन

समय: शाम 5 से 6 बजे तक

निःशुल्क मॉक इंटरव्यू (PSC उम्मीदवारों के लिए)

संस्था: विकास परिषद रायपुर

स्थान: नूतन स्कूल, आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा

समय: सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक

Youthwings