Dhamtari Murder News: सचिव की दिनदहाड़े हत्या, शराबी युवक ने धारदार हथियार से किया ताबड़तोड़ हमला
Dhamtari Murder News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम छिपली में गांव के सचिव सन्नी सुयश लहरें की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि गांव में शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवक को रोकना सचिव को भारी पड़ गया। आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से एक के बाद एक कई वार किए, जिससे सचिव की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने किया खुद सरेंडर
वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद महज डेढ़ घंटे में आरोपी कुलेश्वर विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी खुद ही नगरी थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
हत्या से पहले हुआ मामूली विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक शराब के नशे में गांधी चौक पर गाली-गलौज कर रहा था। सचिव सन्नी सुयश ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन नशे में धुत आरोपी बेकाबू हो गया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद से पूरे नगरी क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या की असली वजह सामने लाई जाएगी।
बढ़ते अपराधों से दहला धमतरी
धमतरी में बीते कुछ महीनों में हत्या और हिंसक अपराधों के मामलों में वृद्धि देखने को मिली है। इस वारदात ने एक बार फिर प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए ताकि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो।
