दुर्ग के बाल सुधार गृह से तीन नाबालिग फरार, गंभीर अपराधों में थे संलिप्त

दुर्ग। शहर के पुलगांव स्थित बाल संप्रेषण गृह (बाल सुधार गृह) से रविवार देर रात तीन आपचारिक बालक फरार हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों नाबालिग गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त थे और न्यायालय के आदेश पर यहां रखे गए थे।

सूत्रों के अनुसार, देर रात तीनों ने मौका पाकर लगभग 10 फीट ऊंची दीवार फांदकर संस्थान से भागने में सफलता हासिल की। घटना का पता चलने पर प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना बाल संरक्षण विभाग और पुलगांव पुलिस को दी।

जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू किया गया। इलाके में नाकेबंदी कर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि “पुलगांव स्थित बाल संप्रेषण गृह से विधि से संघर्षरत तीन बालक फरार हुए हैं। उनके खिलाफ पहले से गंभीर अपराध दर्ज हैं। उनकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और लगातार पतासाजी की जा रही है।”

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी में किसी बाहरी व्यक्ति की मदद तो नहीं ली गई। साथ ही बाल सुधार गृह प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब इस संस्थान से नाबालिगों के भागने की घटना हुई हो। पहले भी कई बार सुरक्षा चूक के मामले सामने आ चुके हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा बनी हुई है, वहीं पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि तीनों फरार नाबालिगों को जल्द पकड़ लिया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings