IND vs SA Women’s World Cup Final: फाइनल से पहले जानें कौन है ज्यादा मजबूत, भारत या दक्षिण अफ्रीका?
IND vs SA Women’s World Cup Final: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताबी मुकाबला रविवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। रिकॉर्ड देखें तो वनडे इतिहास में भारत का पलड़ा दक्षिण अफ्रीका पर भारी रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड 339 रनों के लक्ष्य का पीछा कर फाइनल में पहुंचने के बाद हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम खिताब जीतने को बेताब है। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाई है। फैंस के बीच इस मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह है, और टिकटों के लिए भारी मांग देखने को मिल रही है।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला वनडे हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
अब तक दोनों टीमों के बीच 34 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें
भारत ने 20 मैच जीते हैं,
दक्षिण अफ्रीका ने 13 मैच,
और 1 मैच बेनतीजा रहा।
पहला मुकाबला 22 दिसंबर 1997 को पटना में खेला गया था, जिसमें भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 10 मार्च 2002 को पहली बार वनडे मैच जीता था।
2017 में दोनों टीमों के बीच 6 वनडे खेले गए, जिनमें भारत ने 4 मुकाबले जीते। पिछले 10 वनडे मैचों में दोनों टीमों ने 5-5 मैच अपने नाम किए हैं। भारत ने पिछले 5 में से 4 मुकाबले जीते हैं।
वर्ल्ड कप में हेड-टू-हेड स्थिति
वनडे वर्ल्ड कप के 6 मुकाबलों में भारत ने 3 मैच जीते हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने भी 3 बार बाजी मारी है। खास बात यह है कि दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पिछले तीनों विश्व कप मैचों में हराया है।
2017 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 115 रनों से हराया।
2022 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 3 विकेट से मात दी।
2025 वर्ल्ड कप (विजाग): दक्षिण अफ्रीका ने भारत को फिर 3 विकेट से हराया।
इस तरह, दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मैचों में लगातार तीन जीत दर्ज कर ली हैं।
क्यों खास है यह फाइनल?
यह महिला वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में पांचवीं बार होगा जब मेजबान टीम फाइनल खेलेगी।
इससे पहले:
1988 में ऑस्ट्रेलिया,
1993 और 2017 में इंग्लैंड,
और 2000 में न्यूजीलैंड अपने घर में फाइनल खेल चुकी हैं।
यह पहला मौका है जब फाइनल में ना तो ऑस्ट्रेलिया होगी और ना इंग्लैंड।
भारत और दक्षिण अफ्रीका — दोनों ही अभी तक खिताब नहीं जीत पाए हैं, इसलिए इस बार एक नया विश्व चैंपियन बनने जा रहा है।
