Women’s World Cup Final, IND vs SA:महिला वर्ल्ड कप फाइनल पर बारिश का साया, भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मुकाबले पर मंडरा रहा संकट
Women’s World Cup Final, IND vs SA: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाना है। यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए ऐतिहासिक हो सकता है क्योंकि टीम इंडिया पहली बार वर्ल्ड कप खिताब जीतने की पूरी कोशिश में होगी। लेकिन, इस बहुप्रतीक्षित फाइनल मैच पर बारिश का संकट गहराता नजर आ रहा है।
महाराष्ट्र में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, जिससे मैच का रोमांच प्रभावित हो सकता है। मौसम के चलते अब फैंस की चिंता बढ़ गई है कि कहीं यह फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट न चढ़ जाए।
बारिश की संभावना कितनी है?
मौसम वेबसाइट AccuWeather के अनुसार, शनिवार को 86 प्रतिशत बारिश की संभावना है जबकि रविवार यानी मैच के दिन 63 प्रतिशत बारिश हो सकती है। खासकर शाम 4 बजे से 7 बजे के बीच 50 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी डीवाई पाटिल स्टेडियम पर भारत और बांग्लादेश के बीच का मुकाबला बारिश के कारण रद्द किया जा चुका है।
क्या रखा गया है रिजर्व डे?
आईसीसी ने महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के लिए एक दिन का रिजर्व डे रखा है। इसका मतलब है कि अगर रविवार को मैच नहीं खेला जा सका तो सोमवार को मुकाबला पूरा किया जाएगा। हालांकि, मौसम विभाग की चेतावनी सोमवार को भी राहत नहीं दे रही है। सोमवार को भी 55 प्रतिशत बारिश की संभावना बनी हुई है।
अगर मैच नहीं हो पाया तो क्या होगा?
अगर रविवार और सोमवार दोनों दिन बारिश के कारण खेल नहीं हो पाया तो फाइनल मुकाबला रद्द कर दिया जाएगा और दोनों टीमों—भारत और दक्षिण अफ्रीका—को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। हालांकि, ऐसा नतीजा किसी भी क्रिकेट प्रेमी को पसंद नहीं आएगा। फैंस अब यही उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम साफ रहे और उन्हें एक रोमांचक फाइनल देखने को मिले।
