पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तार…

Haryana : हरियाणा की एक ट्रैवल व्लॉगर और यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ज्योति सोशल मीडिया पर @travelwithjo1 नाम से सक्रिय थी और उसने यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर पाकिस्तान ट्रिप से जुड़े कई वीडियो और रील्स साझा किए थे। इनमें अनारकली बाजार, पाकिस्तानी खानपान, संस्कृति और दोनों देशों की तुलना जैसे विषयों को दर्शाया गया था।

ज्योति के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो में उर्दू में लिखा गया है- “इश्क लाहौर”, जिससे उसके पाकिस्तान प्रेम की झलक मिलती है। सुरक्षा एजेंसियों का आरोप है कि ज्योति को एक सोशल मीडिया पर्सनालिटी के रूप में पाकिस्तान की सकारात्मक छवि फैलाने के लिए टास्क सौंपा गया था। उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से नजदीकियां बढ़ाईं और उनके साथ इंडोनेशिया के बाली तक की यात्रा की।

जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योति दिल्ली में रहने के दौरान पाकिस्तानी उच्चायोग के कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थी। भारत सरकार ने 13 मई 2025 को दानिश को “अवांछित व्यक्ति” घोषित कर देश छोड़ने का आदेश दिया था। आरोप है कि ज्योति ने उसके माध्यम से संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान को पहुंचाईं।

ज्योति मल्होत्रा पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वह उन छह लोगों में शामिल है जिन्हें खुफिया एजेंसियों की सूचना के आधार पर पकड़ा गया है, जिन पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को अहम जानकारियां देने का संदेह है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं और यह पता लगाने में जुटी हैं कि ज्योति के जरिए और कितनी गोपनीय सूचनाएं लीक की गईं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jyoti Malhotra (@travelwithjo1)

Youthwings