अमित जोगी नजरबंद: पीएम मोदी से मिलने नवा रायपुर जा रहे थे काले कपड़ों में, पुलिस ने घर में ही किया हाउस अरेस्ट

अमित जोगी हाउस अरेस्ट

अमित जोगी हाउस अरेस्ट

रायपुर: छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के नेता अमित जोगी को शनिवार सुबह रायपुर स्थित उनके निवास पर पुलिस ने नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। जानकारी के अनुसार, अमित जोगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने काले कपड़े पहनकर नवा रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोक लिया और उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

अमित जोगी ने इस कार्रवाई की जानकारी अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने लिखा —“छत्तीसगढ़ की आन के लिए काले झंडे दिखाने पर मुझे और मेरे साथियों को गिरफ्तार किया गया। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी, राज्य के 25वें स्थापना दिवस के उत्सव में शामिल होने का मेरा अधिकार इसलिए छीन लिया गया क्योंकि मैं काले कपड़े पहनकर मिनी माता के नाम की रक्षा के लिए शांतिपूर्वक विरोध करना चाहता था।”

‘काले कपड़े पहनना प्रतिबंधित’ बताकर रोका गया

जोगी ने बताया कि करीब 30 पुलिसकर्मी उन्हें रोकने उनके घर पहुंचे। उन्हें बताया गया कि “काले कपड़े पहनना प्रतिबंधित” है, इसलिए उन्हें नवा रायपुर नहीं जाने दिया जा सकता। उन्होंने कहा — “मैंने पुलिस को मिठाई खिलाकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति का संदेश दिया। लेकिन सवाल यह है कि क्या लोकतंत्र की आवाज़ को अब घरों में कैद करना पड़ेगा?”

मिनी माता के नाम हटाने का विरोध

अमित जोगी लंबे समय से नए विधानसभा भवन से मिनी माता के नाम हटाए जाने का विरोध कर रहे हैं। 31 अक्टूबर को विधानसभा भवन के उद्घाटन के लिए उन्हें निमंत्रण पत्र भेजा गया था, जिसे उन्होंने सार्वजनिक रूप से जला कर विरोध जताया था। जोगी का कहना है कि उनके पिता, राज्य के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी, ने पुराने विधानसभा भवन का नाम मिनी माता के सम्मान में रखा था, जिसे अब हटाना असंवेदनशील कदम है।

 

Youthwings