आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़: 10 श्रद्धालुओं की मौत, पीएम मोदी और सीएम नायडू ने जताया शोक

श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश)। शनिवार को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में मचे भगदड़ के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। भीड़ बढ़ने के कारण मची अफरा-तफरी में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, राहत राशि की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा — “वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ की घटना से अत्यंत व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायल श्रद्धालु शीघ्र स्वस्थ हों।”
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

जगन मोहन रेड्डी ने लगाया सरकार पर लापरवाही का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और वर्तमान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं — “तिरुपति में वैकुंठ एकादशी के दौरान छह श्रद्धालुओं की मौत हुई थी और सिंहाचलम मंदिर में सात लोग मारे गए थे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार हो रही इन घटनाओं के बावजूद सरकार ने सुरक्षा इंतज़ामों में लापरवाही बरती, जिससे यह त्रासदी हुई।

राज्यपाल ने जताई संवेदना
राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। राज्यपाल ने इसे एक “अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना” बताया।

मुख्यमंत्री नायडू ने दिए राहत के निर्देश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी इस घटना को “बेहद दुखद और पीड़ादायक” बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को शीघ्र और उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने को कहा।

Youthwings