50 लाख के गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, कार से कर रहा था तस्करी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपए मूल्य का गांजा जब्त किया है। इस दौरान एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पूरा मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम घरघोड़ा–लैलूंगा मुख्य मार्ग पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक हुंडई कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 250 पैकेट गांजा (प्रत्येक 1 किलो) कुल 257.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान संतोष दास पिता बुधराम दास (26 वर्ष), निवासी ग्राम चीताबहार, थाना दरिमा, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। आरोपी से तस्करी में प्रयुक्त हुंडई कार (कीमत करीब 8 लाख) और एक वीवो मोबाइल फोन (कीमत 10 हजार रुपए) भी जब्त किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा तस्करी कर लाया जा रहा है। इस पर उन्होंने साइबर सेल, घरघोड़ा थाना और पूंजीपथरा पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सतर्कता बरतते हुए मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन की तलाशी लेकर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी संतोष दास को गिरफ्तार कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Youthwings