रायपुर में दीपावली पर शराब बिक्री ने भरा खजाना: 6 दिनों में 61 करोड़ की कमाई, सामान्य दिनों से दोगुनी
रायपुर। दीपावली के मौके पर आबकारी विभाग ने शासन के खजाने को भर दिया है। रायपुर जिले में इस बार दिवाली के दौरान धनतेरस से भाईदूज के दूसरे दिन तक यानी कुल 6 दिनों में करीब 61 करोड़ रुपये की शराब बिकी। इस बिक्री से साबित होता है कि रायपुर में शराब प्रेमियों की संख्या अन्य जिलों से काफी अधिक है। हालांकि, पिछली दीपावली की तुलना में इस बार बिक्री में एक प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई है।
सामान्य दिनों से दोगुनी बिक्री
आबकारी विभाग के जिला अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि दीपावली पर शराब की बिक्री जबरदस्त रही, जिससे विभाग को अच्छी कमाई हुई। सामान्य दिनों में जिले में रोजाना करीब 5 करोड़ रुपये की शराब बिकती है। इस हिसाब से 6 दिनों में सामान्य बिक्री लगभग 30 करोड़ रुपये होती, लेकिन त्योहार के दौरान बिक्री दोगुनी हो गई। यही कारण है कि इन 6 दिनों में कुल 61 करोड़ रुपये की शराब बिकी, जो सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी है।
धनतेरस के दूसरे दिन रिकॉर्ड बिक्री
त्योहार के दौरान सबसे ज्यादा बिक्री धनतेरस के दूसरे दिन हुई। इस दिन 11 करोड़ 39 लाख 3 हजार 400 रुपये की शराब बिकी। शेष 5 दिनों में बिक्री 8 करोड़ से 10 करोड़ रुपये से अधिक के बीच रही।
