राष्ट्रीय एकता दिवस: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य आयोजन, महिला अधिकारी करेंगी परेड की अगुवाई
राष्ट्रीय एकता दिवस
दिल्ली: देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती इस वर्ष ऐतिहासिक अंदाज़ में मनाई जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में देशभर में कार्यक्रम होंगे, लेकिन इस बार का आयोजन गुजरात के नर्मदा जिले स्थित एकता नगर में विशेष रूप से भव्य होगा। यहां शानदार परेड, एयर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए “विविधता में एकता” का संदेश दिया जाएगा।
नारी शक्ति के नाम परेड, महिला अधिकारी होंगी नेतृत्वकर्ता
इस वर्ष की परेड पूरी तरह से “नारी शक्ति” को समर्पित की गई है। देश के सभी प्रमुख सुरक्षा बल — BSF, CRPF, CISF, ITBP और SSB — की टुकड़ियों की अगुवाई इस बार महिला अधिकारी करेंगी। इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब प्रधानमंत्री को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व भी एक महिला अधिकारी करेंगी।
वीरता की मिसाल पेश करेंगे पदक विजेता जवान
समारोह में CRPF के पांच शौर्य चक्र विजेता और BSF के सोलह वीरता पदक विजेता हिस्सा लेंगे। इन वीरों ने नक्सल और आतंकवाद विरोधी अभियानों में अपने अदम्य साहस का परिचय दिया है। पश्चिमी सीमा पर हुए “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान BSF जवानों की वीरता की झलक भी इस परेड में देखने को मिलेगी।
एयर शो, झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा आयोजन
भारतीय वायुसेना की “सूर्य किरण” टीम आकाश में रंग बिखेरते हुए शानदार एयर शो प्रस्तुत करेगी। वहीं, BSF के ऊंट बैंड, गुजरात पुलिस के घुड़सवार दस्ते, असम पुलिस के मोटरसाइकिल शो और श्वान दस्तों की प्रस्तुतियां भी परेड में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
विभिन्न राज्यों — गुजरात, जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, मणिपुर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पुडुचेरी — की झांकियां भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश देंगी।
900 कलाकार दिखाएंगे भारत की सांस्कृतिक एकता
संस्कृति मंत्रालय के विशेष कार्यक्रम में देशभर से आए 900 कलाकार भारतीय शास्त्रीय नृत्य और लोककला के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक एकता और विविधता की झलक पेश करेंगे। यह आयोजन देश की परंपरा, कला और एकजुटता की भावना का प्रतीक बनेगा।
“भारत पर्व” में झलकेगी विविधता की छटा
1 से 15 नवंबर तक एकता नगर में “भारत पर्व” का आयोजन किया जाएगा। इसमें हर राज्य की सांस्कृतिक झलक, लोकनृत्य, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा। 15 नवंबर, यानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के साथ इस पर्व का समापन होगा।
अमित शाह का ऐलान – अब हर साल 31 अक्टूबर को होगी परेड
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती देश के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने घोषणा की कि अब से हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस पर परेड आयोजित की जाएगी, ठीक उसी तरह जैसे गणतंत्र दिवस की परेड 26 जनवरी को होती है। इस परेड में देश के अर्धसैनिक बलों की भागीदारी होगी।
