बीजापुर: दो माह के मासूम की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने डॉक्टर और नर्स पर लापरवाही का लगाया आरोप
बीजापुर। जिले के उसूर ब्लॉक के आवापल्ली स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दो माह के मासूम बच्चे की मौत के बाद हंगामा मच गया। मृतक शिशु ग्राम मुर्दोण्डा का रहने वाला था। परिजनों ने डॉक्टर और ड्यूटी नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे को हल्का बुखार, सर्दी और खांसी की शिकायत थी। परिजन सुबह 9 बजे उसे आवापल्ली स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने सिरप या भाप देने के बजाय सीधे हाथ में कैनुला लगाकर लगातार इंजेक्शन देना शुरू कर दिया। जब उन्होंने सिरप देने का अनुरोध किया, तो डॉक्टर और नर्स ने कहा “हमें अपना काम करना आता है, आप मत सिखाइए।”
इलाज के दौरान ही बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने डॉक्टर और नर्स पर लापरवाही से इलाज करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले में बीएमओ डॉ. उमेश ठाकुर ने आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा
“बच्चे को निमोनिया था और वह बहुत गंभीर हालत में लाया गया था। हमारे स्तर पर सामान्य उपचार किया गया। परिजन भावुक हैं, इसलिए गलत आरोप लगा रहे हैं।”
