जेल परिसर में आरोपी के मोबाइल पर बात करने का वीडियो वायरल, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
सरगुजा। केंद्रीय जेल परिसर में जिला बदर आरोपी के मोबाइल फोन पर बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। एसपी राजेश अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन पुलिस जवानों को निलंबित कर दिया है। निलंबित तीनों जवान थाना अंबिकापुर में पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर थाना के अपराध क्रमांक 781/2025 के तहत दर्ज मामले में आरोपी जय आदित्य तिवारी उर्फ अंश पंडित को 23 अक्टूबर 2025 को जीवन ज्योति अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय में पेशी के दौरान उसकी सुरक्षा ड्यूटी पर तीन आरक्षकों आरक्षक 773 परवेज फिरदौसी, आरक्षक 378 डॉ. सिम सिद्दार और आरक्षक 480 सुशील खेस को नियुक्त किया गया था।

इसी दौरान आरोपी का जेल परिसर के बाहर मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जांच में पाया गया कि ड्यूटी पर तैनात जवानों ने आरोपी को मोबाइल का उपयोग करने से न तो रोका और न ही फोन जब्त किया।
