बिहार में पीएम मोदी का तंज: “इतनी रोशनी में भी लालटेन चाहिए क्या?” मोबाइल की फ्लैशलाइट से चमका समस्तीपुर का मैदान

PM Modi

PM Modi

समस्तीपुर। बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने शुक्रवार, 24 अक्टूबर को समस्तीपुर के दूधपूरा में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जनता से एक अनोखा संवाद किया — उन्होंने लोगों से अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाने को कहा। कुछ ही पलों में पूरा मैदान रोशनी से जगमगा उठा, और मुस्कराते हुए प्रधानमंत्री ने पूछा — “इतनी रोशनी में भी आपको लालटेन की जरूरत है क्या?” इस पर जनसभा में ज़बरदस्त तालियां गूंज उठीं।

मोदी का लालटेन पर तंज, डिजिटल बिहार की बात
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में लालटेन का जिक्र कर राजद पर करारा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “पूरा देश देख रहा है कि बिहार अब लालटेन वाले दिनों को पीछे छोड़ चुका है। आज का बिहार मोबाइल की रोशनी में जगमगा रहा है, डिजिटल इंडिया की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है।”
मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने हर घर तक इंटरनेट पहुंचाने का काम किया है। “आज भारत में इंटरनेट दुनिया में सबसे सस्ता है। जहां दूसरे देशों में 1GB डेटा 100 रुपये से ज्यादा में मिलता है, वहीं भारत में यह एक कप चाय से भी सस्ता है। इसका फायदा बिहार के नौजवान उठा रहे हैं — वीडियो बनाकर, डिजिटल प्लेटफॉर्म से कमाई करके आत्मनिर्भर बन रहे हैं।”

“नई रफ्तार से चलेगा बिहार” – पीएम मोदी का नारा
सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने नया नारा दिया — “नई रफ्तार से चलेगा बिहार, फिर आएगी एनडीए सरकार।” उन्होंने कहा कि “पूरा बिहार कह रहा है — फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार। बिहार के लोग जंगलराज वालों को दोबारा सत्ता में नहीं आने देंगे।”
पीएम मोदी ने भीड़ के जोश को देखकर कहा कि इस बार बिहार में एनडीए ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। “आपके उत्साह से साफ है कि बिहार अबतक का सबसे बड़ा जनादेश देने जा रहा है।”

राजद-कांग्रेस पर पीएम मोदी का हमला
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर तीखे वार किए। उन्होंने कहा, “2005 में बिहार ने जंगलराज से मुक्ति पाई थी। नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में सुशासन का दौर शुरू हुआ था। लेकिन उस वक्त कांग्रेस और राजद की सरकार ने बिहार की मुश्किलें और बढ़ाईं। राजद वाले कांग्रेस को धमकाते थे कि अगर बिहार के किसी प्रोजेक्ट को मंजूरी दी, तो हम गठबंधन तोड़ देंगे। यही उनकी मानसिकता थी।”

एनडीए का फोकस विकास, विपक्ष का सिर्फ सत्ता पर
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार अब विकास, रोजगार और आधुनिकता की राह पर आगे बढ़ रहा है। “एनडीए सरकार की प्राथमिकता है कि हर युवा को रोजगार मिले, हर गांव तक सड़क और बिजली पहुंचे। हमारी राजनीति विकास की है, जबकि जंगलराज वालों की राजनीति सिर्फ सत्ता तक सीमित है।”

Youthwings