छठी भोज बना जानलेवा, अबूझमाड़ में 5 ग्रामीणों की मौत, कई की हालत गंभीर

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां गोट गांव में आयोजित छठी के कार्यक्रम में खाना खाने के बाद कई ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए। फूड प्वॉइज़निंग के चलते अब तक 5 ग्रामीणों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। नारायणपुर स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और प्रभावित ग्रामीणों को प्राथमिक इलाज मुहैया कराया गया। ग्रामीण इलाके की दुर्गमता को देखते हुए भैरमगढ़ से विशेष मेडिकल टीम को भी रवाना किया गया है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, छठी के भोज में शामिल होने के बाद कई लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर कुछ को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई।

स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि टीम गांव में लगातार निगरानी कर रही है और बचाव कार्य जारी है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध भोजन या पानी का सेवन न करें।

गांव में शोक की लहर फैल गई है। मरने वालों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।

जांच जारी
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि फूड सैंपल लिए गए हैं और उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में भोजन के दूषित होने की आशंका जताई जा रही है।

Youthwings