छत्तीसगढ़ सरकार ने निगम-मंडल पदाधिकारियों को दिया मंत्री दर्जा, राज्य सरकार का आदेश जारी

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के विभिन्न निगमों और आयोगों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों को कैबिनेट मंत्री और राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत ने आधिकारिक आदेश जारी किया है।

किन्हें मिला कैबिनेट और राज्य मंत्री का दर्जा

जारी आदेश के अनुसार —

रूपनारायण सिन्हा, अध्यक्ष योग आयोग को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है।

बिसेसर पटेल, अध्यक्ष गौसेवा आयोग को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त हुआ है।

पंकज कुमार झा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है।

वहीं, विश्विजय सिंह तोमर, अध्यक्ष युवा आयोग को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।

शिष्टाचार के रूप में दिया गया दर्जा

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन पदाधिकारियों को मंत्री का दर्जा केवल शिष्टाचार के लिए दिया गया है। उन्हें नियमानुसार जो भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, उनका प्रावधान संबंधित प्रशासनिक विभाग या आयोग द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा।

वरिष्ठता या प्रोटोकॉल का नहीं होगा प्रभाव

आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह सूची किसी प्रकार की वरिष्ठता या प्रोटोकॉल स्थिति को प्रदर्शित नहीं करती। यह निर्णय जारी आदेश की तारीख से तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

Youthwings