रात 10:30 बजे सड़कों पर कचरा ट्रक क्यों दौड़ा रहा था निगम?– लापरवाही से दुर्ग में गई दो जानें, एक गंभीर रूप से घायल

दुर्ग में निगम की कचरा गाड़ी ने स्कूटी सवार तीन दोस्तों को कुचला

दुर्ग में निगम की कचरा गाड़ी ने स्कूटी सवार तीन दोस्तों को कुचला

दुर्ग। दीपावली से ठीक पहले बुधवार रात शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक पटेल चौक, कलेक्ट्रेट के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई।

कचरा ट्रक रात 10:30 बजे क्या कर रहा था?

रात करीब 10:30 बजे गंजपारा रोड से इंदिरा मार्केट की ओर जा रही स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा तब हुआ जब दुर्ग नगर निगम का कचरा ट्रक (CG 07 CZ 4314) पुलगांव की दिशा से मालवीय रोड की ओर जा रहा था। सवाल यह उठता है कि रात के इस समय व्यस्ततम इलाके में कचरा ट्रक क्यों भेजा गया था, और क्या प्रशासन ने सुरक्षा प्रबंधों पर ध्यान दिया था?

मृतकों और घायल की जानकारी

डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि मृतकों की पहचान सलमा (25 वर्ष) और खिलेश्वर साहू, दोनों निवासी कुंद्रा पारा, अटल आवास दुर्ग, के रूप में हुई है। स्कूटी पर सवार तीसरी व्यक्ति कुमोदनी गोड़ घायल हुई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

ट्रक चालक हिरासत में, लेकिन जिम्मेदारी किसकी?

घटनास्थल पर स्कूटी (CG 07 CY 5899) क्षतिग्रस्त मिली और मृतकों की चप्पलें बिखरी हुई थीं। नगर निगम के कचरा ट्रक चालक की स्पष्ट लापरवाही सामने आई है। चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया गया।

लेकिन सवाल ये है कि क्या नगर निगम ने रात में ट्रक चलाने की अनुमति देकर आम जनता की सुरक्षा खतरे में डाली, और क्या ऐसे हादसों से बचने के लिए प्रशासन ने कोई सख्त नियम नहीं बनाए हैं?

Youthwings