Cough Syrup News: कफ सिरप से मौतों का मामला: 12 बच्चों की गई जान, दर्जनों बीमार, दवा बिक्री पर तत्काल रोक

Cough Syrup News: सर्दी और खांसी के इलाज के लिए आमतौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले कफ सिरप ने अब डरावनी तस्वीर पेश कर दी है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में कफ सिरप के सेवन से अब तक 12 बच्चों की मौत हो चुकी है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 9 बच्चे जान से हाथ धो बैठे हैं, जबकि राजस्थान में तीन बच्चों की मौत हुई है। यह मामला गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

राजस्थान में तीन बच्चों की मौत

राजस्थान के विभिन्न जिलों में कफ सिरप पीने के बाद तीन बच्चों की मौत हुई है। भरतपुर इलाके में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के तहत मिलने वाली कफ सिरप के सेवन से दो बच्चों की जान गई है। वहीं, सीकर जिले में भी एक बच्चे की मौत हुई।

सीकर का यह मामला बेहद चिंताजनक है, जहां 2 साल के बच्चे को जुकाम की शिकायत पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कफ सिरप दिया गया था। इसके बाद बच्चा बेहोश हो गया और इलाज के बावजूद उसकी मौत हो गई। इस मामले की पुष्टि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर बी. पी. शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि बच्चे को एंटीबायोटिक टैबलेट और कफ सिरप दी गई थी। इस घटना के बाद दवा वितरण पर रोक लगा दी गई है। वहीं, सीकर में चिराणा के एक डॉक्टर और फार्मासिस्ट को सस्पेंड कर दिया गया है। खबर है कि जयपुर में भी इस कफ सिरप से डॉक्टर समेत 10 लोग बीमार हो चुके हैं।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में 9 बच्चों की मौत

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में पिछले तीन हफ्तों में 9 बच्चों की मौत हुई है। इन सभी बच्चों को सर्दी, खांसी और बुखार की समस्या थी, जिसके इलाज के लिए स्थानीय डॉक्टरों ने कफ सिरप दिया था। सिरप के सेवन के बाद बच्चों को यूरिन की समस्या हुई और धीरे-धीरे उनकी सेहत बिगड़ी। जांच में पाया गया कि कफ सिरप में डायएथिलीन ग्लायकॉल नामक हानिकारक केमिकल था, जिससे बच्चों की किडनी फेल हो गई। जिला प्रशासन ने इसके बाद Coldrif और Nextro-DS कफ सिरप की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में जाकर लोगों को सतर्क कर रही हैं और इलाज जारी है।

तमिलनाडु में भी दवा पर रोक

इस गंभीर घटना के बाद तमिलनाडु में भी कफ सिरप पर रोक लगा दी गई है। औषधि नियंत्रण प्रशासन विभाग (DDCA) ने कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है और कांचीपुरम स्थित दवा निर्माण संयंत्र में मौजूद सभी स्टॉक को फ्रीज करने के आदेश दिए हैं। इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

 

Youthwings