मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणाएं, बनेगी ‘सियान गुड़ी’, खुलेगा खास सेंटर

रायपुर। सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन राजधानी रायपुर के जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय परिसर के कृषि मंडपम में किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की।

वृद्धजनों के लिए नई पहलें : सियान गुड़ी और PPE मॉडल वृद्धाश्रम

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने वृद्धजनों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से ‘सियान गुड़ी’ की स्थापना की जाएगी। ये विशेष केंद्र उन बुजुर्गों के लिए होंगे, जिन्हें घर पर पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पाती। यहां उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके साथ ही प्रदेश के चार बड़े शहरों में PPE मॉडल पर वृद्धाश्रम बनाए जाएंगे। रायपुर में भी एक विशेष मरम्मत केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां बुजुर्गों को दी जाने वाली व्हीलचेयर और अन्य उपकरणों की मरम्मत की जाएगी। इससे उन्हें जगह-जगह भटकने की परेशानी से निजात मिलेगी।

वृद्धजनों का सम्मान और नशामुक्ति अभियान की शुरुआत

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “माता-पिता की सेवा ही ईश्वर की पूजा है” और हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आज हमारे बुजुर्ग जिस अवस्था में हैं, कल हम भी उसी स्थिति में होंगे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 25 नशामुक्ति रथों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ पूरे प्रदेश में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता फैलाएंगे।

स्वास्थ्य और पेंशन योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश में संचालित पेंशन योजनाओं से 14 लाख बुजुर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं आयुष्मान भारत और शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत अब तक 8 लाख से अधिक बुजुर्गों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मिली है।

इसी तरह, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना और श्रीरामलला दर्शन योजना से अब तक 50 हजार से अधिक बुजुर्ग लाभान्वित हुए हैं।

समाज कल्याण मंत्री का संबोधन

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि प्रदेश के 35 वृद्धाश्रमों में वर्तमान में 1049 वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल की जा रही है। वहीं 6 जिलों में प्रशामक देखरेख गृह संचालित हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक 54 हजार से अधिक वरिष्ठजनों की समस्याओं का समाधान किया गया है।

पर्यटन साथी पहल : युवाओं के लिए रोजगार के अवसर

इस अवसर पर जिला प्रशासन रायपुर और ईज़ माई ट्रिप के बीच पर्यटन साथी पहल के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल के तहत युवाओं को आईटीआई सड्डू में टूर गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रत्येक बैच में 50 युवाओं को तीन महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे।

गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, इन्द्र कुमार साहू, अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ निःशक्तजन वित्त विकास निगम अध्यक्ष लोकेश कावड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Youthwings