फिर बड़ा घोटाला: 50 हजार की रोटी मेकर मशीन 8 लाख में खरीदी!, जानिए क्या है पूरा मामला…

50 हजार की रोटी मेकर मशीन 8 लाख में खरीदी

रायपुर। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला रोटी मेकर मशीन की अत्यधिक कीमत पर खरीद से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, जिस मशीन की बाजार में वास्तविक कीमत लगभग 50 से 60 हजार रुपये है, वही मशीन विभाग द्वारा करीब 7 लाख 95 हजार रुपये में खरीदी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी विकास मंत्री रामविचार नेताम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विभागीय प्रमुख सचिव से 7 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विभाग द्वारा बाजार दर से काफी अधिक मूल्य पर सामग्री की खरीदी को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इन्हीं शिकायतों के क्रम में कलेक्टर रायपुर (आदिवासी विकास) द्वारा भी एक रिपोर्ट भेजी गई है, जिसमें प्रयास संस्था में की गई खरीद पर आपत्ति जताई गई है।

रिपोर्ट में उल्लेख है कि संस्था के लिए रोटी मेकर मशीन, कंप्यूटर, कंप्यूटर टेबल, कुर्सी और अन्य उपकरण भी खरीदे गए हैं, जिनकी कीमतें बाजार दर से कहीं अधिक दर्शाई गई हैं।

Youthwings