पुलिस को चूड़ी पहनाने पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, प्रदर्शन का VIDEO VIRAL
रायपुर/राजनांदगांव। संस्कारधानी के नाम से मशहूर राजनांदगांव में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर अब “अपराध का गढ़” बनता जा रहा है।
चोरी, गोलीकांड और नशे के मामलों पर सवाल
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर और जिले में चोरी, गोलीकांड, चाकूबाजी, हत्या, नशा और अवैध शराब के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस की ढीली कार्यशैली के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोग दहशत में जी रहे हैं।
पुलिस को चूड़ी पहनाने की कोशिश
महाकाल चौक पर हुए इस प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी की अगुवाई में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रतीकात्मक विरोध जताते हुए मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को चूड़ी पहनाने की कोशिश की। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एसपी के ट्रांसफर की मांग
प्रदर्शनकारियों ने गृहमंत्री का पुतला दहन किया और नारे लगाए—“संस्कारधानी को अपराधधानी नहीं बनने देंगे।” उनकी मुख्य मांग थी कि राजनांदगांव के पुलिस अधीक्षक का तत्काल तबादला किया जाए और अपराधों पर सख्त कार्रवाई हो।
