8 महीने से मजदूरी भुगतान अटका, बांस कटाई करने वाले मजदूर परेशान
पखांजूर। पश्चिम वनपरिक्षेत्र बांदे के बॉलिगढ़ (A) में सितंबर 2024 में हुए बांस कटाई कार्य का 8 महीने बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। करीब 70 मजदूरों को कुल 11 लाख 37 हजार 410 रुपये का मेहनताना मिलना बाकी है। लंबे इंतजार और बार-बार विभागीय दफ्तरों के चक्कर लगाने के बावजूद मजदूरों को केवल “आज-कल” का आश्वासन मिल रहा है।
मजदूरों की दुश्वारी
बांस कटाई कार्य में शामिल मजदूर ने बताया कि टेकामेटा, बॉलिगढ़ और भुरबुशी गांव के श्रमिकों ने मिलकर काम किया था। “अब ग्रामीण मुझसे ही मजदूरी मांगते हैं। कई बार दफ्तर गया, DFO को आवेदन भी दिया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ,” उन्होंने कहा।
मजदूरों ने बताया कि घरों में राशन खत्म हो गया है और त्योहार के समय परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। “न घर में चावल है, न पहनने को कपड़े। बीट गार्ड ने बांस कटाई का काम दिया था, लेकिन 8 महीने से पैसे नहीं मिले,” एक ग्रामीण ने कहा।
विभाग का पक्ष
पश्चिम वनपरिक्षेत्र बांदे के रेंजर विजय पटनायक ने बताया, “यह मार्च का पेमेंट है, जिसका भुगतान सीधा RBI से होता है। मैं हाल ही में रेंजर पद पर आया हूं। जानकारी के अनुसार राशि CCF कार्यालय तक पहुंच चुकी है। CCF के तबादले की वजह से देरी हुई है। 3-4 दिनों में सभी मजदूरों को भुगतान कर दिया जाएगा।”
जल्द भुगतान की मांग
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
