WHO ने दी बड़ी चेतावनी: भारत की तीन कफ सिरप जानलेवा, Coldrif सिरप में 48% जहरीला केमिकल पाया गया
भारत की तीन कफ सिरप जानलेवा
नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत में बनी तीन कफ सिरप को सुरक्षा मानकों के लिए खतरा बताया है। इनमें सबसे प्रमुख है कोल्ड्रिफ कफ सिरप, जिसे तमिलनाडु की श्रीसन फार्मास्युटिकल्स कंपनी ने बनाया था। यह मामला मध्य प्रदेश में 20 बच्चों की मौत के बाद उजागर हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया।
कोल्ड्रिफ में जहरीला रसायन, बच्चों के लिए जानलेवा
WHO की जांच में सामने आया कि कोल्ड्रिफ कफ सिरप में डायथिलीन ग्लाइकोल (DEG) नामक जहरीला रसायन 48% से अधिक मात्रा में था, जबकि सुरक्षित सीमा केवल 0.1% है। यह रसायन किडनी और लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है और विशेषकर बच्चों के लिए जानलेवा है।
दो अन्य सिरप भी खतरनाक पाए गए
कोल्ड्रिफ के अलावा WHO ने रेडनेक्स फार्मास्युटिकल्स की रेस्पिफ्रेश टीआर और शेप फार्मा की रीलाइफ को भी खतरनाक बताया। WHO ने सभी देशों से कहा है कि यदि ये सिरप कहीं उपलब्ध हों, तो तुरंत इसकी रिपोर्ट करें।
कंपनी पर कार्रवाई और जांच तेज
WHO की रिपोर्ट आने से पहले ही श्रीसन फार्मास्युटिकल्स की दवा बनाने की अनुमति रद्द कर दी गई थी। कंपनी के मालिक जी. रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया गया है। तमिलनाडु में सभी दवा कंपनियों की फैक्ट्रियों की कड़ी जांच शुरू की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।
सावधानी के निर्देश जारी
मध्य प्रदेश में हुई घटना के बाद केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सलाह दी है कि:
दो साल से छोटे बच्चों को कफ सिरप न दें।
पाँच साल से कम उम्र के बच्चों को सिरप केवल आवश्यक होने पर ही सावधानी से दें।
डॉक्टर और फार्मेसियां बच्चों की दवाइयां लिखते और बेचते समय सतर्क रहें।
