देश को मिला नया PMO परिसर: पीएम मोदी ने ‘सेवा तीर्थ’ का किया उद्घाटन, पहले ही दिन लिए कई बड़े फैसले

PMO

PMO

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली के दारा शिकोह रोड पर स्थित नए PMO परिसर ‘सेवा तीर्थ’ और ‘कर्तव्य भवन’ का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने 100 रुपये का स्मारक सिक्का भी जारी किया। अब प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) सहित कई अहम मंत्रालयों का संचालन इसी अत्याधुनिक परिसर से होगा।

साउथ ब्लॉक से सेवा तीर्थ में शिफ्ट हुआ PMO

आज से PMO, रायसीना हिल स्थित साउथ ब्लॉक से सेवा तीर्थ में स्थानांतरित हो गया है। इस नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय भी कार्य करेंगे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने सेवा तीर्थ में पहली बार महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर कर नई कार्यसंस्कृति की शुरुआत की।

सेवा की भावना से जुड़े पहले फैसले

सेवा तीर्थ में शिफ्ट होने के साथ ही प्रधानमंत्री ने समाज के हर वर्ग—महिलाओं, युवाओं, किसानों और कमजोर तबकों—के हित में चार बड़े फैसलों को मंजूरी दी।

1. PM राहत योजना को हरी झंडी

इस योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। उद्देश्य यह है कि समय पर इलाज न मिलने से किसी की जान न जाए। यह कदम आम नागरिकों और युवाओं के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

2. ‘लखपति दीदी’ लक्ष्य बढ़ाकर 6 करोड़

सरकार ने पहले ही 3 करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य समय से पहले हासिल कर लिया है। अब नया लक्ष्य मार्च 2029 तक 6 करोड़ लखपति दीदी बनाने का रखा गया है, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक सशक्तता को और मजबूती मिलेगी।

3. कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड दोगुना

किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड को 1 लाख करोड़ से बढ़ाकर 2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। इससे उत्पादन, भंडारण और मार्केटिंग सहित पूरी कृषि वैल्यू चेन को मजबूती मिलेगी।

4. स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0

भारत की इनोवेशन क्षमता को बढ़ाने के लिए 10,000 करोड़ रुपये के स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 को मंजूरी दी गई। यह फंड डीप टेक, शुरुआती स्टेज स्टार्टअप्स, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और नई तकनीकों को बढ़ावा देगा।

Youthwings