बंगाल विधानसभा में हाईवोल्टेज ड्रामा! TMC विधायक कुणाल घोष को मार्शलों ने घसीटकर सदन से निकाला

बजट चर्चा के दौरान टीएमसी के बागी विधायक अखरुज्जमां के भाषण का विरोध करने पर विधानसभा में हंगामा मच गया। स्पीकर के आदेश के बाद मार्शलों ने कुणाल घोष को सदन से बाहर कर दिया।

 

West Bengal Assembly Session: पश्चिम बंगाल विधानसभा में बुधवार को बजट चर्चा के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। गृह विभाग के बजट पर चर्चा के बीच टीएमसी विधायक कुणाल घोष और पार्टी के बागी गुट के विधायक अखरुज्जमां के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि विधानसभा अध्यक्ष के आदेश पर मार्शलों को हस्तक्षेप करना पड़ा और कुणाल घोष को सदन से बाहर निकाल दिया गया।

 

जानकारी के अनुसार, जब टीएमसी के बागी गुट के विधायक अखरुज्जमां बजट चर्चा के दौरान अपना भाषण शुरू करने के लिए खड़े हुए, तभी टीएमसी विधायक कुणाल घोष अपनी सीट छोड़कर सदन के वेल में पहुंच गए। उन्होंने अखरुज्जमां के भाषण का विरोध किया, जिससे सदन में शोर-शराबा और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई।

 

दोनों नेताओं के बीच विवाद बढ़ता देख अन्य विधायकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। हालांकि स्थिति सामान्य नहीं हुई और विधानसभा अध्यक्ष को हस्तक्षेप करना पड़ा।

 

बताया जा रहा है कि कुणाल घोष इस बात से नाराज थे कि बजट चर्चा में बोलने वाले विधायकों की सूची से उनका नाम हटा दिया गया था। उनका कहना था कि पहले सूची में उनका नाम शामिल था, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया।

 

लगातार हंगामे के बाद विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने कुणाल घोष से अपनी सीट पर लौटने की अपील की, लेकिन उन्होंने आदेश का पालन नहीं किया। इसके बाद स्पीकर ने उन्हें पूरे दिन के लिए निलंबित करने का आदेश दिया और मार्शलों को उन्हें सदन से बाहर ले जाने के निर्देश दिए। मार्शलों ने कुणाल घोष को विधानसभा से बाहर निकाल दिया।

 

कुणाल घोष के बाहर जाने के बाद कालीघाट गुट के अन्य टीएमसी विधायक भी विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर गए। इस घटनाक्रम के कारण बजट सत्र के दौरान विधानसभा में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

 

Youthwings