Vipassana Leave: छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को विपश्यना शिविर के लिए विशेष अवकाश, 12 दिन तक मिलेगी छुट्टी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए अहम निर्णय लिया है। अब कर्मचारी विपश्यना ध्यान शिविर में शामिल होने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश ले सकेंगे। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार मान्यता प्राप्त विपश्यना केंद्रों द्वारा आयोजित 10 दिवसीय आवासीय शिविर में भाग लेने पर यह सुविधा मिलेगी। कर्मचारियों को पूरे सेवाकाल में अधिकतम 6 बार यह अवकाश दिया जाएगा, जिसकी अवधि यात्रा समय सहित अधिकतम 12 दिन होगी। इस दौरान कर्मचारियों को ऑन ड्यूटी माना जाएगा और उन्हें पूरा वेतन मिलेगा। हालांकि यात्रा भत्ता या अन्य खर्च शासन द्वारा नहीं दिया जाएगा।
अवकाश के लिए आवेदन करते समय संबंधित केंद्र द्वारा जारी प्रवेश पत्र देना अनिवार्य होगा। वहीं शिविर पूरा होने के बाद प्रमाण-पत्र कार्यालय में जमा करना होगा, अन्यथा अवकाश को अन्य श्रेणी में समायोजित किया जा सकता है।
यह अवकाश संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी द्वारा प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्वीकृत किया जाएगा। सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों के मानसिक तनाव को कम करने और कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

