वर्ल्ड कप फाइनल में भारत का महास्कोर: भारत ने बनाए 411 रन, वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

Under-19 World Cup final

Under-19 World Cup final

Under-19 World Cup: 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। अब खिताब जीतने के लिए इंग्लैंड को 412 रन बनाने होंगे।

वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी

फाइनल के हीरो रहे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अकेले दम पर मैच की तस्वीर बदल दी। वैभव ने मात्र 55 गेंदों में शतक जड़ा और 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 15 चौके और 15 छक्के निकले। खास बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ बाउंड्री से 150 रन बटोरे।

वैभव सूर्यवंशी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी अब अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। टूर्नामेंट के इतिहास में यह दूसरा सबसे तेज शतक भी है। वे अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले यह उपलब्धि उन्मुक्त चंद (2012) और मनजोत कालड़ा (2018) ने हासिल की थी।

भारतीय पारी का पूरा लेखा-जोखा

भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और पहला विकेट 20 रन पर गिर गया। आरोन जॉर्ज 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी ने 142 रन की साझेदारी की। म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रन बनाए। वेदांत त्रिवेदी – 32 रन, विहान मल्होत्रा – 30 रन, अभिज्ञान कुंडु – 40 रन, कनिष्क चौहान – 37 रन (नाबाद)।

इंग्लैंड के गेंदबाज़ों का हाल

इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने 3 विकेट लिए सेबेस्टियन मॉर्गन को 2 सफलता मिली एलेक्स ग्रीन ने भी 2 विकेट चटकाए हालांकि, भारतीय बल्लेबाज़ों के सामने इंग्लिश गेंदबाज़ बेबस नजर आए।

अब इंग्लैंड के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य

411 रनों का स्कोर खड़ा कर टीम इंडिया ने फाइनल में अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या इंग्लैंड इस ऐतिहासिक लक्ष्य के करीब भी पहुंच पाता है या नहीं।

 

 

Youthwings