होली पर छत्तीसगढ़–बिहार यात्रियों को बड़ी राहत, गोंदिया–छपरा के लिए 2 होली स्पेशल ट्रेनें…
होली स्पेशल ट्रेनें
होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने छत्तीसगढ़ और बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात दी है। रेलवे प्रशासन द्वारा गोंदिया से छपरा जंक्शन के बीच दो होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के संचालन से विशेष रूप से भाटापारा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, जो त्योहार के अवसर पर अपने घर जाने की योजना बना रहे हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
रेलवे प्रशासन के अनुसार, होली के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था काफी राहत देने वाली साबित होगी।
गोंदिया–छपरा होली स्पेशल (गाड़ी संख्या 08863/08864)
गाड़ी संख्या 08863 गोंदिया–छपरा होली स्पेशल 01 मार्च 2026 को शाम 5 बजे गोंदिया से रवाना होगी। यह ट्रेन डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर होते हुए रात 8 बजकर 55 मिनट पर भाटापारा पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन उसलापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी, बलिया सहित प्रमुख स्टेशनों से होते हुए 03 मार्च 2026 को सुबह 12 बजकर 45 मिनट पर छपरा जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 08864 छपरा–गोंदिया होली स्पेशल 03 मार्च 2026 को सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर छपरा से रवाना होगी और उसी रूट पर ठहराव देते हुए 04 मार्च 2026 को सुबह 6 बजकर 8 मिनट पर भाटापारा पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन सुबह 11 बजे गोंदिया पहुंचेगी।
दूसरी होली स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 08865/08866)
गाड़ी संख्या 08865 गोंदिया–छपरा होली स्पेशल 02 मार्च 2026 को शाम 5 बजे गोंदिया से रवाना होकर 04 मार्च 2026 को सुबह 12 बजकर 45 मिनट पर छपरा पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 08866 छपरा–गोंदिया होली स्पेशल 04 मार्च 2026 को सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर छपरा से रवाना होकर 05 मार्च 2026 को सुबह 6 बजकर 8 मिनट पर भाटापारा पहुंचेगी और उसी दिन 11 बजे गोंदिया पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गाड़ी संख्या 08865/08866 का ठहराव और समय-सारणी गाड़ी संख्या 08863/08864 के अनुसार ही रहेगी।
होली पर घर जाने वालों के लिए बड़ी सौगात
होली पर्व पर अपने गृह नगर जाने वाले यात्रियों, खासकर भाटापारा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए ये होली स्पेशल ट्रेनें बड़ी राहत साबित होंगी। इससे न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि त्योहार के दौरान भीड़भाड़ की समस्या से भी यात्रियों को निजात मिलेगी।
