Raipur Murder Case: रायपुर में दिनदहाड़े हत्या! मामूली विवाद में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार
Raipur Murder Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज हत्या की खबर सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के सिमरन सिटी फेस-2 की है। यहां पैसों के लेनदेन को लेकर अजय अग्रवाल और डोमेश्वर देवांगन के बीच विवाद हो गया। शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि हिंसक रूप ले लिया।
चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
विवाद बढ़ने के बाद आरोपी डोमेश्वर देवांगन ने अपने पास रखे चाकू से अजय अग्रवाल पर लगातार कई वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल अजय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, कार्रवाई करते हुए आरोपी डोमेश्वर देवांगन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा सामने आया है, लेकिन अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा किस तरह जानलेवा बनता जा रहा है।
