Mahakal Mandir Special: 8 दिनों में भक्तों ने खरीदे ₹2.35 करोड़ के लड्डू, रोजाना बिक रहा 70 क्विंटल प्रसाद

उज्जैन। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण-भाद्र मास की शुरुआत के साथ ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। बाबा महाकाल के दर्शन के साथ-साथ भक्त प्रसाद के रूप में लड्डूओं का भी जमकर आनंद ले रहे हैं। आलम यह है कि श्रावण मास के शुरुआती महज 8 दिनों के भीतर श्रद्धालुओं ने रिकॉर्ड 497 क्विंटल  से अधिक लड्डू प्रसाद खरीद लिया। लड्डू प्रसाद की इस बंपर बिक्री से श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की झोली में 2 करोड़ 35 लाख 26 हजार 650 रुपये की भारी-भरकम आय जमा हुई है।

रोजाना बिक रहा 70 क्विंटल लड्डू प्रसाद, टूट रहे रिकॉर्ड

महाकाल मंदिर परिसर में लड्डू प्रसाद की बिक्री के लिए 10 विशेष काउंटर बनाए गए हैं। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन औसतन 25 से 30 क्विंटल लड्डू प्रसाद की खपत होती है, वहीं श्रावण मास में यह मांग दोगुनी से भी ज्यादा बढ़कर प्रतिदिन 70 क्विंटल तक पहुंच गई है।

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2025 के श्रावण मास में जहां 2800 क्विंटल लड्डू प्रसाद उपलब्ध कराया गया था, वहीं इस वर्ष 2026 में 3500 क्विंटल लड्डू प्रसाद तैयार कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह पूरा शुद्ध देसी घी का प्रसाद मंदिर समिति की चिंतामण गणेश यूनिट पर तैयार करवाया जा रहा है।

8 दिन में पहुंचे 29 लाख से ज्यादा श्रद्धालु, पहले सोमवार को टूटा रिकॉर्ड

लड्डू प्रसाद की रिकॉर्ड बिक्री के पीछे मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी संख्या है। 30 जुलाई से 6 अगस्त के बीच कुल 29 लाख 28 हजार 349 श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए।

पहला सोमवार: सबसे ज्यादा 6 लाख से अधिक भक्त पहुंचे।

रविवार: 4 लाख 76 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।

शनिवार: 4 लाख 19 हजार भक्तों ने माथा टेका।

Youthwings