रायपुर के Zouk Club में दो गुटों में जमकर मारपीट, महादेव सट्टा किंग का भांजा भी शामिल
Zouk Club
रायपुर। राजधानी रायपुर के Zouk Club में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हिंसक विवाद और मारपीट हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस घटना में अज्जू पांडे, भिलाई निवासी प्रखर चंद्राकर और पुलकित चंद्राकर आमने-सामने आए। पुलिस के अनुसार, पुलकित चंद्राकर महादेव सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर का भांजा है। फिलहाल पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना कैसे हुई
जानकारी के अनुसार, यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्थित Zouk क्लब की है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के कारण विवाद बढ़ गया। कथित तौर पर एक पक्ष ने पिस्टल के बट से हमला भी किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस दोनों पक्षों की पहचान कर FIR दर्ज कर रही है और आरोपियों की पतासाजी में जुटी है।
राजधानी की नाइटलाइफ में सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रायपुर के नाइटलाइफ और क्लबों में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। राजधानी में रात के समय शराब और गुटबाजी की घटनाओं को लेकर प्रशासन की सतर्कता पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई जा रही है।
