नींबू, सिंदूर और बलि… स्टाफ रूम के बाहर मिली कोयल की बलि, देखकर सन्न रह गए बच्चे-शिक्षक

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से अंधविश्वास और तंत्र विद्या से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बोरसी स्थित एक शासकीय स्कूल में असामाजिक तत्वों ने स्कूल परिसर में कोयल की बलि चढ़ा दी। इस घटना के बाद से शिक्षक और बच्चे दोनों ही सहमे हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर की सुबह जब स्कूल खुला तो शिक्षकों और छात्रों ने स्टाफ रूम के दरवाजे पर खून से सना पक्षी, नींबू, सिंदूर और रंगोली जैसी आकृतियां देखीं। यह नजारा देखकर सभी घबरा गए। तुरंत शिक्षकों ने इस घटना का वीडियो बनाकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) राजेश्वरी चंद्राकर को भेजा।

शिक्षकों ने डर का माहौल खत्म करने के लिए टोटके की काट हेतु बैगा को बुलाया और नींबू-अगरबत्ती से पूजा करवाई। इसके बाद बच्चों को समझाकर उनका भय दूर करने की कोशिश की गई।

मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अरविंद मिश्रा ने BEO के जरिए पदमनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी अब भी अज्ञात हैं।

इस संबंध में BEO राजेश्वरी चंद्राकर ने कहा कि “सुबह ही शरारती तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है। यह बच्चों और शिक्षकों को डराने तथा अंधविश्वास फैलाने की कोशिश है। थाने में शिकायत कर दी गई है और सभी को समझाया गया है।”

Youthwings