नगर सेना कार्यालय में जवानों की शराब पार्टी का वीडियो वायरल, कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

कोरिया। बैकुंठपुर से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने नगर सेना की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में नगर सेना के जवानों को कार्यालय परिसर के अंदर बैठकर शराब पीते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में साफ तौर पर नजर आ रहा है कि कार्यालय के बाहर पुलिस/नगर सेना की गाड़ी खड़ी है और भीतर जवान बेखौफ होकर जाम टकरा रहे हैं। यह वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है और इसमें नजर आने वाले सभी लोग नगर सेना के ही जवान बताए जा रहे हैं।

प्रशासनिक छवि को नुकसान

सरकारी कार्यालय के भीतर इस तरह का गैरजिम्मेदाराना व्यवहार न केवल विभाग की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि उन जवानों की ईमानदारी पर भी सवाल खड़े करता है, जिन पर शहर की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी होती है।

जहां आम नागरिकों को अनुशासन और नियमों का पालन करने की नसीहत दी जाती है, वहीं जिम्मेदार जवानों द्वारा ड्यूटी के दौरान शराब पीना बेहद निंदनीय माना जा रहा है।

Youthwings