Srinagar Police Station Blast: श्रीनगर थाने में जब्त विस्फोटक के सैंपलिंग के दौरान बड़ा धमाका, 9 की मौत, 32 घायल

Srinagar Police Station Blast: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार रात करीब 11:22 बजे बड़ा धमाका हुआ। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार 92 आर्मी बेस अस्पताल और SKIMS सौरा में चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब पुलिस व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल केस में फरीदाबाद से जब्त किए गए विस्फोटक की सैंपलिंग कर रही थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिस स्टेशन में पूरा 360 किलो विस्फोटक रखा गया था या केवल उसका कुछ हिस्सा ही सैंपल के लिए लाया गया था।

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि यह एक हादसा था और सैंपलिंग प्रक्रिया के दौरान ब्लास्ट हुआ। मृतकों में एक इंस्पेक्टर, फॉरेंसिक टीम के 3 सदस्य, क्राइम ब्रांच के 2 फोटोग्राफर, 2 राजस्व अधिकारी और एक दर्जी शामिल हैं।

यह विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद में डॉ. मुजम्मिल गनई के किराए के घर से जब्त किया गया था। गनई को पहले ही दिल्ली ब्लास्ट केस में गिरफ्तार किया जा चुका है। 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किला के पास कार विस्फोट में 13 लोगों की मौत हुई थी।

Youthwings