Sridevi’s Property: श्रीदेवी की संपत्ति पर विवाद, तीन लोगों ने की हड़पने की कोशिश, बोनी कपूर ने कोर्ट से मांगी मदद
Sridevi's Property
Sridevi’s Property: बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की संपत्ति को लेकर नया विवाद सामने आया है। उनके पति और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने आरोप लगाया है कि चेन्नई स्थित एक फार्महाउस पर तीन लोग अवैध रूप से मालिकाना हक जताने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में बोनी कपूर ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर कर न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
एक रिपोर्ट के अनुसार, बोनी कपूर ने अपनी याचिका में बताया कि श्रीदेवी ने 19 अप्रैल 1988 को एम.सी. संबंद मुदलियार से यह प्रॉपर्टी खरीदी थी। यह संपत्ति चेन्नई की ईस्ट कोस्ट रोड (ECR) पर स्थित है और 1960 में मुदलियार परिवार द्वारा आपसी सहमति से बांटी गई जमीन में से एक हिस्सा है, जिसे श्रीदेवी ने विधिवत खरीदा था।
अब एक महिला और उसके दो बेटों ने यह दावा किया है कि वे इस प्रॉपर्टी के कानूनी उत्तराधिकारी हैं। महिला का कहना है कि उसने 1975 में मुदलियार के बेटे से शादी की थी और वह उनकी दूसरी पत्नी है। इस आधार पर उसने और उसके बेटों ने खुद को संपत्ति का हकदार बताया है।
बोनी कपूर का दावा और कानूनी सवाल
बोनी कपूर ने कोर्ट में दलील दी है कि जिस व्यक्ति से महिला ने विवाह का दावा किया है, उसकी पहली पत्नी वर्ष 1999 तक जीवित थी, इसलिए कथित दूसरी शादी कानूनी रूप से मान्य नहीं हो सकती। बोनी ने यह भी सवाल उठाया कि ताम्बरम तालुक के तहसीलदार ने तीनों को विरासत प्रमाण पत्र कैसे जारी कर दिया। उन्होंने कोर्ट से इन प्रमाण पत्रों को रद्द करने का अनुरोध किया ताकि संपत्ति पर अवैध दावे रोके जा सकें।
कोर्ट की टिप्पणी और अगली कार्रवाई
मद्रास हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए तहसीलदार को आदेश दिया है कि वे इस मामले की पूरी समीक्षा करें और चार सप्ताह के भीतर निर्णय सुनाएं।
