Shyam Bihari Jaiswal Birthday Poster: जन्मदिन विज्ञापन पर बवाल, मोदी की तस्वीर नदारद, कांग्रेस का भाजपा पर तंज
Shyam Bihari Jaiswal Birthday Poster Controversy
रायपुर। Shyam Bihari Jaiswal Birthday Poster: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के जन्मदिन पर छपे विज्ञापन ने राजनीतिक हलकों में नई हलचल मचा दी है। दरअसल, इस विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर शामिल नहीं थी, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य मंत्रियों व नेताओं की तस्वीरें प्रमुखता से मौजूद थीं।
विज्ञापन से पीएम मोदी की तस्वीर गायब होने पर कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसना शुरू कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने सोशल मीडिया पर चुटकी लेते हुए लिखा, “जायसवाल जी के जन्मदिन विज्ञापन से मोदी जी की तस्वीर गायब! लगता है छत्तीसगढ़ भाजपा में कोई ऐसा भी है, जो पीएम की परवाह नहीं करता।”
गौरतलब है कि प्रदेश में नेताओं के जन्मदिन पर विज्ञापन देना आम बात है। इन विज्ञापनों में किन नेताओं की तस्वीर होगी और कितनी प्रमुखता से होगी, इसे राजनीतिक नजदीकी और ताकत का पैमाना माना जाता है। ऐसे में पीएम मोदी की अनुपस्थिति को लेकर अब यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या भाजपा के भीतर कोई आंतरिक खींचतान चल रही है।
इधर, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की ओर से इस विवाद पर अभी कोLEई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, उनके करीबी समर्थकों का कहना है कि विज्ञापन समर्थकों द्वारा तैयार किया गया था और पीएम मोदी की तस्वीर न होना केवल एक तकनीकी गलती है।
फिर भी, सियासी गलियारों में इस पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जन्मदिन के उत्सव से ज्यादा अब चर्चा इस बात की हो रही है कि आखिर क्यों देश के प्रधानमंत्री की तस्वीर विज्ञापन में शामिल नहीं की गई। जाहिर है, एक साधारण विज्ञापन ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
