Shilpa Shetty And Raj Kundra Cheating Case: 60 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज, बिजनेसमैन ने लगाया पर्सनल खर्च में पैसे लगाने का आरोप
Shilpa Shetty And Raj Kundra Cheating Case
Shilpa Shetty And Raj Kundra Cheating Case: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला 60.48 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का है। मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में दर्ज इस केस में शिल्पा, राज कुंद्रा और एक अज्ञात शख्स को आरोपी बनाया गया है।
बिजनेसमैन ने लगाया गंभीर आरोप
आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के अनुसार, मुंबई के बिजनेसमैन दीपक कोठारी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड के बिजनेस एक्सपेंशन के लिए 60.48 करोड़ रुपये दिए थे। उनका आरोप है कि यह रकम बिजनेस में लगाने के बजाय पर्सनल खर्चों में इस्तेमाल की गई।
दीपक कोठारी ने बताया कि वह 2015 में एजेंट राजेश आर्य के जरिए शिल्पा और राज से मिले थे, जो उस समय ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म बेस्ट डील टीवी के डायरेक्टर थे। उस वक्त शिल्पा शेट्टी के पास कंपनी के 87% से ज्यादा शेयर थे।
लोन और इन्वेस्टमेंट डील का विवाद
कोठारी के मुताबिक, राजेश आर्य ने कंपनी के लिए 12% वार्षिक ब्याज पर 75 करोड़ रुपये का लोन मांगा था, लेकिन टैक्स बचाने के लिए इसे इन्वेस्टमेंट के रूप में दिखाने का सुझाव दिया। एक बैठक में तय हुआ कि रकम समय पर लौटा दी जाएगी। इसके तहत कोठारी ने 60.48 करोड़ रुपये के साथ 3.19 लाख रुपये स्टांप ड्यूटी भी दी।
अप्रैल 2016 में शिल्पा शेट्टी ने उन्हें पर्सनल गारंटी दी, लेकिन सितंबर 2016 में वह डायरेक्टर पद से इस्तीफा देकर बाहर हो गईं। इसके तुरंत बाद कंपनी के खिलाफ 1.28 करोड़ रुपये का दिवालियेपन का मामला सामने आया।
“साजिश के तहत मांगे पैसे”
शिकायत में कोठारी ने आरोप लगाया कि 2015-2023 के बीच शिल्पा और राज ने बिजनेस के नाम पर पैसे लिए, लेकिन उन्हें निजी खर्चों में लगा दिया। कई बार पैसे लौटाने की मांग के बावजूद उन्हें रकम नहीं दी गई।
वकील का जवाब
शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के वकील प्रशांत पाटिल ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि इस मामले में पहले ही अक्टूबर 2024 में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) में फैसला हो चुका है और इसमें कोई आपराधिक पहलू नहीं है। उन्होंने EOW को सभी जरूरी दस्तावेज भी सौंप दिए हैं।
