Share Market में मुनाफे की बारिश! सेंसेक्स 800 अंक उछला, निफ्टी ऑल टाइम हाई के करीब

Share Market

Share Market

Share Market: दिवाली की छुट्टी के बाद भी भारतीय शेयर बाजार में तेजी का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को घरेलू बाजारों की शुरुआत जबरदस्त उछाल के साथ हुई। अमेरिकी-भारत ट्रेड डील की उम्मीदें, विदेशी निवेशकों की वापसी और आईटी सेक्टर में मजबूत खरीदारी ने मार्केट में जोश भर दिया।

सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 734 अंकों की छलांग लगाकर 85,160 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी 198 अंक बढ़कर 26,066 पर पहुंच गया। निवेशकों में जबरदस्त उत्साह दिखा और कुछ ही देर में सेंसेक्स 85,250 के पार पहुंच गया। निफ्टी ने भी 26,000 का स्तर मजबूती से पार कर लिया।

आईटी और बैंकिंग शेयरों की अगुवाई

इस तेजी में सबसे बड़ा योगदान आईटी और बैंकिंग सेक्टर का रहा। इंफोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसे दिग्गज स्टॉक्स ने बाजार को ऊपर खींचा। हालांकि जोमाटो की पैरेंट कंपनी इटरनल और बजाज फिनसर्व जैसे कुछ शेयरों में हल्की गिरावट देखी गई, लेकिन उसका असर बाजार की धार पर नहीं पड़ा।

तेजी के पीछे क्या है कारण?

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका और भारत के बीच संभावित ट्रेड डील इस रैली की सबसे बड़ी वजह है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका भारत के एक्सपोर्ट पर लगने वाले टैरिफ को घटाकर 15–16% करने पर विचार कर रहा है। इससे भारतीय उद्योगों को बड़ा फायदा हो सकता है और निर्यात में तेजी आएगी।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी. के. विजयकुमार ने कहा कि नवरात्रि से शुरू हुई मार्केट रैली फेस्टिव सीजन में और ताकत पकड़ रही है। विदेशी निवेशकों की वापसी और शॉर्ट कवरिंग से मार्केट में बुल्स का दबदबा साफ नजर आ रहा है।

फेस्टिव सीजन और अर्निंग्स का पॉजिटिव असर

विशेषज्ञों का कहना है कि दिवाली सीजन में रिकॉर्ड ऑटो और कंज्यूमर गुड्स सेल्स ने कंपनियों की अर्निंग्स को मजबूती दी है। इससे निवेशकों का भरोसा और बढ़ा है। मेहता लिमिटेड के सीनियर वीपी (रिसर्च) प्रशांत टैपसे के मुताबिक, “संवत 2082 की शुरुआत शानदार रही है। महूरत ट्रेडिंग के बाद लगातार पांचवें दिन बाजार में तेजी दिख रही है और ट्रेड डील की खबरों ने सेंटीमेंट को और बेहतर बनाया है।”

विदेशी निवेशक और क्रूड मार्केट की भूमिका

एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को करीब 96.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं, ब्रेंट क्रूड की कीमत में भी 2.56% की उछाल आई और यह 64.19 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया, जिससे एनर्जी सेक्टर को सपोर्ट मिला। भारतीय शेयर बाजार फिलहाल मजबूती के दौर में है। अमेरिकी-भारत ट्रेड डील की उम्मीदें, फेस्टिव सेल्स और एफआईआई की वापसी ने मार्केट को नई रफ्तार दी है। अगर यह रुझान जारी रहा, तो निफ्टी और सेंसेक्स अपने नए ऑल टाइम हाई को जल्द छू सकते हैं।

Youthwings