शराब दुकान का विरोध, हाथों में तख्तियां लेकर बच्चों ने भी किया प्रदर्शन, कहा- हमें शराब नहीं शिक्षा दो
मुंगेली। जिले के ग्राम सिपाही-सेतगंगा मार्ग पर प्रस्तावित सरकारी शराब दुकान के खिलाफ ग्रामीणों ने जबरदस्त विरोध जताया है। हैरानी की बात यह रही कि इस आंदोलन में स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे भी हाथों में तख्तियां लेकर सामने आए, जिन पर “हमें शराब नहीं, शिक्षा दो” और “हमारा भविष्य सुरक्षित करो” जैसे नारे लिखे थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह मार्ग 200 से अधिक बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों के रोजाना आवागमन का मुख्य रास्ता है। ऐसे में यहां शराब दुकान खुलने से महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी और गांव की शांति व्यवस्था बिगड़ेगी। एक छात्रा ने कहा, “हम रोज इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। यहां शराब दुकान खुली तो हमें डर लगेगा।”
प्रशासन ने लिया ज्ञापन, शिक्षा विभाग ने संज्ञान
ग्रामीणों ने सामूहिक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा और मांग की कि दुकान को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाए। डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा ने कहा कि मामला उच्च अधिकारियों को भेजा गया है और उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बच्चों के प्रदर्शन में शामिल होने पर शिक्षा विभाग ने गंभीर संज्ञान लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिन हाथों में कलम होनी चाहिए, वे तख्तियां उठा रहे हैं। स्कूल प्रमुख से रिपोर्ट मांगी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह भी जांच की जाएगी कि कहीं बच्चों का इस्तेमाल राजनीतिक एजेंडे के तहत तो नहीं किया जा रहा।
